अमिताभ बच्चन को हेयर स्टाइल देने वाले हाकिम कैरानवी
-Bushra khan noori...
हाकिम कैरानवी के नाम से आज कितने लोग वाकिफ होंगे? शायद गिने-चुने ही। जबकि यही वे शख्स हैं
 |
Hakim Kairanvi photo credit: Allim hakim |
जिन्होंने अमिताभ बच्चन को वह हेयर स्टाइल दिया जो महानायक अमिताभ की पहचान बन गया। हाकिम ने अमिताभ को कानों तक बाल रखने की सलाह दी थी। अमिताभ ने भी हमेशा उनके दिए इसी स्टाइल को बनाए रखा। 50, 60 और 70 के दशकों में हेयर ड्रेसिंग के स्टाइल को बदलने का श्रेय हाकिम को ही जाता है। हाकिम मुंबई के ताज होटल में हेयर स्टाइलिस्ट हुआ करते थे। बाद में उन्होंने 'हाकिम्स' नाम से अपना सैलून खोला। सैलून सेलेब्रिटीज के बीच खूब मशहूर हो गया।
दिलीप कुमार, सुनील दत्त, अनिल कपूर, विनोद खन्ना आदि अनेक अभिनेताओं को हाकिम ने हेयरस्टाइल दिए। यहां तक कि उन्होंने ब्रूस ली और मौहम्मद अली की हेयर कटिंग भी की थी। 1950-60 के दौर में बाल काटने के लिए सैलून नहीं हुआ करते थे। तब नाई घर पर जाकर ही पैसे लेकर बाल काटकर जाते थे। मगर बाद में धीरे-धीरे बार्बर शॉप्स खुलने लगीं। एक लकड़ी की कुर्सी, धुंधला-सा आईना, कंधी और कैंची के सहारे बाल काटे जाने लगे। यह व्यवसाय बढऩे लगा। धीरे-धीरे सिलेब्रिटीज भी लांज में मौजूद दुकान पर बाल कटवाने के लिए लंबी लाइन में बैठने लगे।
यदि कहा जाए कि हेयर स्टाइलिंग को व्यवसाय से इंडस्ट्री बनाने का श्रेय हाकिम को जाता है, तो गलत न होगा। उत्तर प्रदेश के कैराना का हाकिम खानदान कई पीढिय़ों से सेलेब्रिटीज के बीच अपनी पहचान बनाए हुए है। हाकिम के पिता अब्दुल हाकिम कैरानवी भी बॉलीवुड से जुड़े रहे। बेटा आलिम हाकिम भी सेलेब्रिटीज हेयर स्टाइलिस्ट है। आज भी उनके खानदान में बहुत-से लोग इसी पेशे से जुड़े हुए हैं। फिल्म 'मर्द' के लिए हाकिम ने अपनी जिंदगी का आखरी हेयर स्टाइल अमिताभ को ही दिया था। वे केवल 39 वर्ष के थे जब 28 मार्च 1984 दुनियॉ को अलविदा कह गए।